अपराध में 29 प्रतिशत गिरावट, हत्या, लूट, बलात्कार और छेड़छाड़ जैसे संगीन अपराधों में दिखा नियंत्रण
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिला पलवल पुलिस ने अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए पिछले छह महीनों में 2,131 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की सक्रियता और सख्त कदमों से जिले में अपराध के मामलों में 29.2 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। हत्या, लूट, बलात्कार और छेड़छाड़ जैसे संगीन अपराधों पर भी प्रभावी नियंत्रण देखने को मिला है।
पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन के नेतृत्व में एक जुलाई 2024 से 22 दिसंबर 2024 तक जिले में व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान 14 इनामी बदमाशों सहित 64 उद्घोषित अपराधियों और 163 बेल जंपर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, हत्या के मामलों में 40 प्रतिशत और छेड़छाड़ के मामलों में 66.7 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। लूट के मामलों में 38.9 और डकैती में 66.7 प्रतिशत गिरावट आई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया गया है। सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करें। नागरिक किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 112 हेल्पलाइन पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।