-प्राप्त शिकायतों के आधार पर अवैध खोखे (खोका) को किया ध्वस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-50 क्षेत्र में पुलिस बल की सहायता से यूनिवर्सल ट्रेड टावर, अप्पल साउथएंड और निरवाना कंट्री में सीलिंग व ध्वस्तीकरण की बड़ी कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूनिवर्सल ट्रेड टावर, सेक्टर-49 में कॉमन एरिया पर किए गए अवैध अतिक्रमण की दीवार को नियमानुसार ध्वस्त किया गया व विधिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद परिसर को सील कर दिया गया। यह कार्रवाई स्थानीय स्तर पर अनधिकृत निर्माण और सार्वजनिक स्थानों के दुरुपयोग को रोकने के उद्देश्य से की गई।
इसी क्रम में अप्पल साउथएंड, मानवाधिकार आयोग एवं अन्य शिकायत पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर अवैध खोखे (खोका) को ध्वस्त किया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह निर्माण बिना अनुमति के किया गया था और इससे क्षेत्र की व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के बाद इसे हटाया गया।
इसके अतिरिक्त निरवाना कंट्री स्थित एस्पेन ग्रीन्स में सीएम पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर स्टिल्ट क्षेत्र में बनाए गए अवैध सर्वेंट रूम को भी सील कर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।