अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर की मुख्य सीवर लाइनों की सफाई और रखरखाव के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण ने निविदा जारी की है। इस कार्य पर करीब 1.45 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
योजना के अनुसार 1000 मिमी की मुख्य सीवर लाइनों की सफाई के लिए कम से कम 19 टन चेसिस पर लगी उच्च क्षमता वाली सक्शन एवं जेटिंग मशीन की सेवाएं ली जाएंगी। मशीन में जल पुनर्चक्रण प्रणाली (वाटर रीसाइक्लिंग सिस्टम) भी अनिवार्य होगी। अधिकारियों के अनुसार आधुनिक तकनीक से लैस यह वाहन सीवर लाइनों में जमा गाद, कचरा और अन्य अवरोधों को हटाने में सक्षम होगा। इससे सीवर जाम की समस्या कम होगी और बारिश के दौरान जलभराव की घटनाओं पर भी नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी। योजना का उद्देश्य शहर के सीवरेज नेटवर्क की कार्यक्षमता बढ़ाना है। एक साल तक मशीनों की सेवाएं ली जाएगी। योजना के अनुसार शहर की मेन लाइनों को साफ किया जाएगा।
जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता विभोर दुहन ने बताया कि मास्टर सीवर लाइनों की मशीन से सफाई कराई जानी है। सीवर लाइनों की सफाई होने से सीवरेज व्यवस्था अधिक सुचारु होगी।
तीन माह के लिए पंप और डीजी सेट लेना जीएमडीए
गुरुग्राम। आगामी मानसून सीजन के दौरान शहर की सीवरेज व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जीएमडीए ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत तीन माह की अवधि के लिए पंप और डीजी (डीजल जनरेटर) सेट की आपूर्ति, संचालन और रखरखाव से संबंधित कार्यों के लिए निविदा जारी की गई है। इस पर 97.09 लाख रुपये खर्च होंगे।