- 49 गेंदों में 106 रन बनाकर टीम को दिलाई शानदार जीत, द ग्लेडिएटर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाए थे 166 रन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। महेश क्रिकेट अकादमी के मैदान पर रविवार को महेश क्रिकेट अकादमी इलेवन ने सात विकेट से द ग्लेडिएटर्स को हरा दिया। जीत के हीरो चंद्र मोहन सिंह चौहान रहे, जिन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में नाबाद 106 रन की शतकीय पारी खेली और टीम ने 14.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
टॉस जीतकर द ग्लेडिएटर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए। जय कुमार ने 51 और कप्तान पंकज मिश्रा ने 32 रन बनाए। महेश अकादमी से दिनेश यादव ने दो विकेट व मनोज नेगी, गोल्डी लक्ष्मण कुमार, सुमन कुमार, पंकज शर्मा और गौरव ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में महेश अकादमी ने नौ रन पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद चंद्र मोहन सिंह चौहान ने मोर्चा संभालते हुए 14.4 ओवर में तीन विकेट पर 170 रन बना लिए। द ग्लेडिएटर्स की ओर से विशाल सिंह, अमित गुप्ता और एमडी हसनैन ने एक-एक विकेट हासिल किया।