गुरुग्राम। जिले के नागरिकों को संक्रमण से बचाने के उद्देश्य से वैक्सीन की दूसरी डोज के लिए भी महाअभियान चलाया जाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि समय रहते हर व्यक्ति को दूसरी डोज लगे। इसके लिए जिला उपायुक्त ने सरकार से अतिरिक्त वैक्सीन मांगी हैं।
सोमवार को टीकाकरण के लिए चलाए गए महाअभियान में लक्ष्य के मुताबिक तीन गुना से भी ज्यादा लोगों में टीका लगाए जाने के बाद जिला प्रशासन का उत्साह बढ़ा हुआ है। यही वजह है कि आगामी दिनों में टीके की दूसरी डोज के लिए भी इसी तरीके से महाअभियान चलाया जाएगा और रोजाना होने वाले टीकाकरण में भी दूसरी डोज की संख्या बढ़ाई जाएगी।
बुधवार को इस बारे में जिला उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने स्पष्ट तौर पर कहा कि आगामी दिनों में कोरोना टीके की दूसरी डोज के लाभार्थियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। जिला उपायुक्त ने बताया कि दो दिन पूर्व हुए टीकाकरण के महाअभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने लक्ष्य के मुताबिक तीन गुना से भी ज्यादा लोगों में टीकाकरण कर एक मिशाल कायम की है। इससे हमने टीकाकरण को लेकर अपनी क्षमता का आकलन किया है और ऐसा विश्वास है कि एक दिन में 1 लाख लोगों को टीका लगाया जा सकता है।
लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने पर जोर
उपायुक्त ने बताया कि अभी तक टीके की पहली डोज के लिए ही महाअभियान चलाया जा रहा था, लेकिन अब दूसरी डोज को लेकर भी इसी तरह महाअभियान चलाया जाएगा और रोजाना लगने वाले टीके में दूसरी डोज के लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। अभी तक रोजाना औसतन 1500 लोगों को टीके की दूसरी डोज लगाई जा रही है।
84 दिन बाद ही टीके की दूसरी डोज
लोग भी कोरोना टीके की दूसरी डोज के लिए शिविर लगाने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए लोग जिला उपायुक्त को ट्वीट भी करते रहे हैं। हालांकि, वैक्सीन की दूसरी डोज उन्हीं को दी जाएगी, जो इसके पात्र होंगे। मतलब साफ है कि पहली डोज लगवाने के बाद 84 दिन पूरा करने वालों को ही टीके की दूसरी डोज दी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को 30 हजार लोगों में टीका लगाने का लक्ष्य रखा था, लेकिन 3 गुना से भी ज्यादा 1 लाख 4178 लोगों ने टीका लगवाया। शासकीय केंद्रों पर ही सोमवार को 87555 लोगों को टीका लगाया गया, जबकि निजी केंद्रों पर 15623 लोगों को टीका लगाया गया था। वहीं, 98 हजार 203 को टीके की पहली डोज व 5975 लोगों को टीके की दूसरी डोज दी गई। महाअभियान के दिन 18-44 आयु वर्ग में ही 93 हजार 297 लोगों को टीका लगाया गया था जबकि 45 साल से ज्यादा आयु वर्ग में 10 हजार 314 लोगों को टीका लगाया गया।