जालसाजों ने युवक को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर निवेश का दिया था झांसा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जालसाजों ने एक युवक को व्हाट्सएप ग्रुप में ज्वाइन करवाकर निवेश करने के नाम पर 13 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जालसाजों के खिलाफ साइबर अपराध थाना दक्षिण में एफआईआर दर्ज की है।
सेक्टर-69 स्थित कुशाल नगर निवासी गिर्मल कुमार ने शुक्रवार को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके पास अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया था। मैसेज में निवेश करके रुपये कमाने के बारे में लिखा हुआ था। जब गिर्मल कुमार ने मैसेज पर रिप्लाई किया तो एक व्यक्ति ने उससे बात की और निवेश करके मुनाफा कमाने के बारे में बताया। गिर्मल कुमार ने जब निवेश में अपनी रुचि दिखाते हुए सहमति जताई तो जालसाजों ने उसको एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया।
इस व्हाट्सएप ग्रुप में लोग निवेश करके मुनाफा कमाने के बारे में बता रहे थे और मुनाफा राशि के स्क्रीनशॉट भी ग्रुप में शेयर कर रहे थे। ऐसे में गिर्मल कुमार को भी निवेश करके मुनाफा कमाने का लालच आ गया और उसने भी निवेश करने के बारे में ग्रुप में अपनी सहमति दी। इसके बाद जालसाजों ने ग्रुप में अकाउंट नंबर साझा करके कई बार में गिर्मल कुमार से 13 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद जब गिर्मल कुमार ने अपनी राशि व मुनाफा निकालने का प्रयास किया तो वह अपने रुपये नहीं निकाल पाया। जालसाजों ने उसको कुछ राशि अन्य अकाउंट में ट्रांसफर करने के लिए कहा तो उसे अपने साथ ठगी होने के बारे में पता चला।