गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-3 में ठेकेदार के साथ मारपीट कर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। ठेकेदार ने मकान मालिक समेत छह से अधिक लोगों के खिलाफ शिकायत देकर केस दर्ज कराया है। आरोप है कि आरोपियों ने उसे जातिसूचक शब्द भी कहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूल रूप से बिहार निवासी सुरेंद्र पासवान दिल्ली की पालम कॉलोनी में रहते हैं और ठेका लेकर मकान बनाने का कार्य करते हैं। वर्तमान में उनका कार्य डीएलएफ फेज-3 के वी ब्लॉक में चल रहा है। आरोप है कि गांव नाथुपुर निवासी देवेंद्र यादव उर्फ बिल्लू यादव, कृष्ण यादव, राजेंद्र यादव, सन्नी, दीपक और बागपत उत्तर प्रदेश निवासी रवि राठी समेत अन्य लोग आए जिन्होंने उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसकी गाड़ी की चाबी, 10 हजार रुपये नकद एवं चेन छीन ली। इसके साथ ही उसे जातिसूचक शब्द भी कहे। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मकान मालिक बताए जा रहे हैं जिनसे रुपयों को लेकर ठेकेदार का विवाद चल रहा है। मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त कर रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।