गुरुग्राम में जलभराव के बाद दो दिन घर से काम की सलाह
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले में बुधवार की रात दो बजे से शुरू हुई बारिश में विकास की कहानी एक बार फिर डूब गई। जिला प्रशासन ने दो दिन तक कॉर्पोरेट कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम कराने की सलाह दी है। कमिश्नरेट की पुलिस ने सुबह ही जरूरी न होने पर घर से न निकलने की सलाह दी है। राजीव चौक पर देवीलाल स्टेडियम की ओर से आ रहे अंडरपास में जल भराव के चलते स्कूली बस फंस गई। मौसम विभाग की ओर से गुरुग्राम में 96 एमएम तो सोहना में 110 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
दिल्ली-जयपुर हाइवे पर नरसिंह पुर के पास निर्माण के चलते जाम देखने को मिला। वहीं, सर्विस रोड पर जगह-जगह जलभराव ने परेशानी बढ़ाई। सेक्टर-31 से लेकर सेक्टर-15 के बीच में दिल्ली-की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर जलभराव होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। धनवापुर गांव के पास जलभराव होने के कारण आस-पास की कॉलोनी के लोग प्रभावित हुए। नगर निगम की टीम ने बृहस्पतिवार शाम तक यहां पानी का निकाला। इसके साथ ही नगर निगम व जीएमडीए की टीमें शहर में अलग-अलग जलभराव वाले स्थानों पर लगी रही।
सोहना में करोड़ों का जलनिकासी सिस्टम फेल
सोहना। सोहना में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त व नगरपरिषद के जलनिकासी के दावे फेल हो गए। कस्बे की सड़कों पर कई फीट पानी जमा हो गया, जिससे आवागमन बाधित हुआ और लोग घरों में कैद रहे। नगरपरिषद ने जल संरक्षण के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए थे, जो पूरी तरह विफल रहे। नालों की सफाई पर भी करीब 80 लाख रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन वे आज भी गंदगी से भरे पड़े हैं। व्यापार मंडल प्रधान अशोक गर्ग सहित नागरिकों ने बताया कि यह समस्या 50 वर्ष पुरानी है। उनके अनुसार, हर साल दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान होता है और परिषद ने करोड़ों रुपये बर्बाद किए हैं, फिर भी स्थायी समाधान नहीं हुआ। नगरपरिषद के सेनेटरी इंस्पेक्टर हरीश मेहता ने कहा कि पानी निकलने में डेढ़ से दो घंटे लगते हैं और सफाई कर्मचारियों को जलभराव हटाने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद
बारिश के चलते जिला अदालत ने किया वर्क सस्पेंड
गुरुग्राम। सुबह से लगातार हो रही बारिश के बाद अदालत परिसर में जलभराव हो गया, जिसे देखते हुए जिला अदालत बार एसोसिएशन ने वर्क सस्पेंड कर दिया। अदालत परिसर में कई जगहों पर जलभराव हो गया था। इसके चलते अधिवक्ताओं को अपने चैंबर-सीट से मामले की पैरवी करने के लिए जाना मुश्किल हो रहा था। न्यायाधीश टावर ऑफ जस्टिस और विकास सदन में बैठते है और अधिवक्ताओं के चैंबर-सीट थोड़ी दूरी पर है। ऐसे में बारिश में उन्हें वहां जाने में परेशानी हो रही थी और उनकी फाइल भी पानी में भीगने से खराब हो सकती थी। इसी को देखते हुए बार एसोसिएशन ने बृहस्पतिवार को वर्क सस्पेंड कर दिया। संवाद
कार्यालयों को घर से काम करने की सलाह
गुरुग्राम। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जिले में भारी बारिश के मद्देनजर सभी कॉर्पोरेट और निजी संस्थानों को 6 और 7 अगस्त, 2026 को अपने कर्मचारियों से घर से काम कराने की सलाह दी है। यह निर्णय पिछले 24 घंटों में जिले में 97 मिलीमीटर बारिश दर्ज होने के बाद लिया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। प्राधिकरण ने जिले में जलभराव और यातायात जाम की आशंका जताई है। घर से काम करने से सड़कों पर भीड़ कम होगी। इससे नागरिक एजेंसियां सड़कों और जल निकासी के बुनियादी ढांचे की मरम्मत का काम सुचारू रूप से कर पाएंगी। यह सलाह जिलाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गुरुग्राम द्वारा जारी की गई है।