रूट के साथ ही रजिस्ट्रेशन नंबर से रोडवेज बसों को किया जा रहा सर्च, टिकट भी हो सकेगा बुक
प्रवीन कुमार
गुरुग्राम। हरियाणा परिवहन विभाग के एचआर (हरियाणा रोडवेज) मोबाइल एप पर प्रदेश की सभी रोडवेज की लाइव लोकेशन मिल रही हैं। विभाग के एचआर मोबाइल एप को गूगल प्ले स्टोर से मोबाइल में इंस्टॉल कर सकते हैं। एप पर रूट के साथ ही रजिस्ट्रेशन नंबर से भी रोडवेज बसों को सर्च किया जा रहा है। वहीं, इस एप पर रोडवेज बसों में सफर के लिए एसी बसों में टिकट भी ऑनलाइन बुक हो सकेंगी। इसके साथ ही हैप्पी कार्ड के लिए भी आवेदन किए जा सकेंगे।
लाइव ट्रेकिंग का दिया विकल्प
एचआर (हरियाणा रोडवेज) मोबाइल एप पर रोडवेज बसों की लाइव लोकेशन के लिए लाइव ट्रेकिंग विकल्प दिया गया है। लाइव ट्रेकिंग विकल्प पर क्लिक करते ही गूगल मैप पर रोडवेज बसों दिखाई देंगी। जिस भी बस पर क्लिक करेंगे, उनका रजिस्ट्रेशन नंबर, डिपो का नाम, समय, किस डिपो से किस जगह तक गई है, यह सारी जानकारी मिल सकेगी। वहीं, रोडवेज बस के रजिस्ट्रेशन नंबर से भी बस की लाइव लोकेशन के बारे में पता चल सकेगा।
डिपो कर्मचारियों को बुलाया मुख्यालय
परिवहन विभाग ने 6 जुलाई को सभी बस डिपो से मुख्य निरीक्षण, बिल्डिंग क्लर्क व एक ऑपरेटर को मुख्यालय बुलाया है। सभी डिपो के कर्मचारी मुख्यालय में पोर्टल पर रोडवेज बसों संबंधित जानकारी अपडेट कराएंगे। गुरुग्राम डिपो में में 161 रोडवेज बसें हैं। इनमें तीन वॉल्वो बसें, 20 मिनी बसें, 13 एसी बसें, 120 सामान्य बसें और किलोमीटर स्कीम के तहत पांच रोडवेज बसें है।
प्रदेश की सभी रोडवेज बसों की लाइव लोकेशन एचआर मोबाइल एप पर मिलेंगी। विभाग द्वारा सभी बसों की जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जा रही है। जिन बसों की जानकारी व जीपीएस सिस्टम पोर्टल पर अपडेट होंगे, उनकी लाइव लोकेशन एप पर दिखाई देने लगेगी। एचआर एप पर यात्री अपने गंतव्य की ओर जाने वाली बसों को देख सकेंगे।
- गायत्री अहलावत, महाप्रबंधक, गुरुग्राम बस डिपो