अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गांव महेंद्रवाडा में स्थित फार्म हाउस में बिना अनुमति शराब पार्टी करने पर सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फार्म हाउस मालिक और मैनेजर ने 17 हजार रुपये में पार्टी करने के लिए बुकिंग ली थी। आरोपी फार्म हाउस में पार्टी करने के लिए दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा से आए थे। भोंडसी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
महेंद्रवाड़ा में स्थित ऐवर ग्रीन फार्म हाउस में शराब पार्टी होने की पुलिस को सूचना मिली थी। रविवार की देर रात को पुलिस फार्म हाउस में पहुंची और छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने शराब पार्टी करने वाले सात लोगों को गिरफ्तार किया और मौके से बीयर व शराब की खाली व भरी बोतलों समेत गिलास व खाने का सामान बरामद किया है।
आरोपी फार्म हाउस में पार्टी करने के लिए दिल्ली, गुरुग्राम और नोएड़ा से आए थे। भोंडसी थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने एक युवक के माध्यम से उक्त फार्म हाउस को शराब पार्टी करने के लिए 17 हजार रुपये में बुक किया था। पूछताछ में उनकी पहचान दिल्ली के वसंत कुंज निवासी रितुराज, मांटी, अमार्तमा राम सिंह, विजय प्रताप सिंह, अजीत कुमार, साउथ सिटी निवासी सुधांशु और नोएडा निवासी अतुल के रूप में की गई। पुलिस ने फार्म हाउस के मैनेजर योगेंद्र कुमार को भी पकड़ा। उससे शराब के सेवन कराने के लिए लाइसेंस मांगा गया तो कोई भी कागज नहीं दिखा सका।