अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सोहना चौक पर यातायात पुलिस द्वारा लगाई गई बड़ी एलईडी डिस्प्ले बारिश के दौरान बंद हो गई। इसको लेकर सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में लोगों ने कमेंट्स किए हैं कि बारिश में हाईटेक गुरुग्राम पुलिस की स्क्रीन बंद हो गई है। हालांकि यह डिस्प्ले थोड़ी देर में ही शुरू हो गई थी।
यातायात पुलिस ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत ट्रायल के लिए सोहना चौक पर हाईटेक कैमरे व डिस्प्ले लगाई है। फिलहाल मोर चौक से सोहना चौक की ओर जाने वाले वाहनों के नंबर ही एलईडी डिस्प्ले पर दिखाई देते हैं। इस डिस्प्ले पर यातायात नियम तोड़ने वालों के वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और चालान की संख्या व जुर्माना राशि दर्शाई जाती है। इसका उद्देश्य नियम तोड़ने वालों को सबक सिखाना हैं और वाहन चालकों में यातायात नियम का पालन करने के लिए जागरूकता बढ़ाना है।
सोहना चौक पर एलईडी डिस्प्ले के बंद होने की उनको जानकारी नहीं है। अगर डिस्प्ले बंद हो रही है तो उसकी जांच कराई जाएगी और इस तरह की समस्या न हो, इसका समाधान कराया जाएगा।
- सत्यपाल यादव, एसीपी (यातायात मुख्यालय/हाईवे), गुरुग्राम