गंदगी व बदबू ने बढ़ाई परेशानी, इस्तेमाल करना बना मजबूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। रेवाड़ी रोड पर स्थित परिषद के शौचालय में गंदगी होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने कई बार इसकी शिकायत की है लेकिन प्रशासन इसकों गंभीरता से नहीं ले रहा है। पटौदी-रेवाड़ी रोड पर सड़क किनारे बने शौचालय की स्थिति खराब होने से लोग परेशान हैं। शौचालय के अंदर और बाहर गंदगी और बदबू फैली हुई है, जिससे इसका इस्तेमाल करना मुश्किल हो गया है।
बाजार के पास शौचालय न होने के कारण दुकानदार और राहगीर मजबूरी में इसी शौचालय का उपयोग करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले नगरपालिका ने यह शौचालय बनाया था, लेकिन सफाई नहीं होने से अब इसे इस्तेमाल करना कठिन हो गया है। लोगों ने कई बार प्रशासन को शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
शिकायत पर नहीं की गई कोई कार्रवाई
शौचालय में गंदगी व बदबू के कारण आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आसपास शौचालय नहीं होने के कारण मजबूरी में इसका उपयोग करते हैं। - हरजीत सिंह ठक्कर, दुकानदार
शौचालय में भारी गंदगी जमा है कई बार इसको लेकर प्रशासन को भी अवगत कराया है, लेकिन शौचालय में प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। - हरजिन्द्र सिंह, दुकानदार
गंदगी के कारण शौचालय के पास से भी निकलना मुश्किल हो गया है। इसके कारण लगातार बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। समय से इस शौचालय की साफ-सफाई नहीं की जाती है। - गोपाल वधवा