अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बजघेड़ा थाना की निहाल कॉलोनी में 21 अक्तूबर की रात को एक श्रमिक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार की सुबह कॉलोनी की गली में शव पड़ा मिलने पर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। बजघेड़ा थाने की पुलिस ने फोरेंसिक टीम व सीन ऑफ क्राइम टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है।
मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ निवासी प्यारे लाल (40) के रूप में हुई है। वह निहाल कॉलोनी में दिहाड़ी-मजदूरी का काम करता था। जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज हाथ लगी है। फुटेज के आधार पर दो नाबालिग आरोपियों की पहचान की गई है। पुलिस नाबालिग आरोपियों को काबू करने का प्रयास कर रही है। आरोपी के काबू आने के बाद ही हत्या के पीछे के कारणों का पता लग पाएगा।
मृतक की बहन रामरती की शिकायत के आधार पर बजघेड़ा थाने में हत्या संबंधी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार की सुबह उसका शव गली में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। राहगीरों ने जब शव देखा तो डायल 112 पर कॉल करके पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। जिसके बाद बजघेड़ा थाने की पुलिस माैके पर पहुंची।
जांच के दौरान पुलिस को एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज हाथ लगी है जिसमें दो संदिग्ध नजर आए हैं। इन दोनों में से एक नाबालिग है जोकि मूलरूप से छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। वहीं, पुलिस दूसरे नाबालिग आरोपी की पहचान करने का दावा कर रही है। पुलिस प्रारंभिक तौर की जांच में सामने आया है कि प्यारे लाल की डंडों से पीट-पीटकर हत्या की गई है। पुलिस के अनुसार दोनों नाबालिग आरोपी भी दिहाड़ी-मजदूरी का काम करते हैं।
वर्जन
नाबालिग आरोपियों को काबू करने के बाद पूछताछ में हत्या करने के कारण का पता चल सकेगा। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। - संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता