गुरुग्राम। ब्रिटेन में मिले कोरोना वायरस के स्ट्रेन के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह सतर्क हो गया है और ब्रिटेन से जिले में आने वाले यात्रियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ऐसे यात्रियों की कोविड जांच भी करा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 24 नवंबर के बाद ब्रिटेन से जिले में आने वाले 695 लोगों में से 288 यात्रियों की कोविड जांच की गई है जबकि अन्य के नमूने लिए जा रहे हैं। 288 में से जिला स्वास्थ्य विभाग ने 256 यात्रियों व निजी लैब के द्वारा 32 यात्रियों से नमूने लिए गए हैं। इनमें से 172 की जांच रिपोर्ट आई है और सभी निगेटिव पाए गए हैं।
सीएमओ डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि ब्रिटेन से आने वाले यात्रियों पर विभाग कड़ी नजर रख रहा है। हालांकि, विभाग उन्हीं यात्रियों की कोविड जांच कर रहा है, जो 8 दिसंबर के बाद ब्रिटेन से लौटे हैं। वहीं, उससे पहले के लोग 14 दिन की अवधि पूरी कर चुके हैं, जिस वजह से विभागीय स्तर से उनकी जांच नहीं की जा रही है।
15 यात्री लापता
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 695 में से कुल 411 यात्रियों की कोविड जांच की जानी है, जिसमें से 101 बाहरी राज्यों व देश के हैं जबकि शेष हरियाणा के ही हैं। इनमें से 15 यात्रियों का कोई पता ही नहीं चल रहा है, जिसके बारे में गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर को सूचित कर दिया गया है।
ब्रिटेन से आने वाले यात्रियों पर स्वास्थ्य विभाग नजर रख रहा है। 8 दिसंबर के बाद आने वाले यात्रियों की अनिवार्य तौर पर कोविड जांच कराई जा रही है। उससे पहले आने वाले यात्रियों में यदि कोविड के लक्षण मिलते हैं तो उनकी भी जांच कराई जाएगी।
- डॉ. वीरेंद्र यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी