उद्योगों और भारी वाहनों को मिलेगी राहत, टेंडर प्रक्रिया शुरू
नंबर गेम - 60 करोड़ रुपये किए जाएंगे खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे के मानेसर से कुंडली तक सड़क की मरम्मत का काम सितंबर में शुरू होने की उम्मीद है। हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एचएसआईआईडीसी) इस काम पर करीब 60 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
एचएसआईआईडीसी की ओर से मानेसर से कुंडली तक करीब 83 किलोमीटर सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए टेंडर तैयार कर मंजूरी के लिए मुख्यालय भेज दिया गया है। मुख्यालय से मंजूरी मिलते ही टेंडर अलॉट किया जाएगा और इसके बाद जल्द ही सड़क मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा। पचगांव से कुंडली तक का यह मार्ग मानेसर सहित कई औद्योगिक क्षेत्रों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में ट्रक और दूसरे मालवाहक वाहन आते-जाते हैं। दिल्ली, सोनीपत, खरखौदा और मुंबई एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी यह रास्ता अहम है। परियोजना के तहत सड़क के दोनों तरफ नई कारपेंटिंग की जाएगी।
पचगांव-पलवल हिस्से का 75 प्रतिशत काम पूरा
एचएसआईआईडीसी की ओर से पचगांव से पलवल तक सड़क की मरम्मत का काम भी चल रहा है। इस हिस्से में करीब 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अब मानेसर से कुंडली तक के हिस्से की मरम्मत शुरू होने से केएमपी के बड़े हिस्से की सड़क बेहतर हो जाएगी।
-
टेंडर को मंजूरी मिलते ही सभी जरूरी प्रक्रिया पूरी कर सड़क मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा। फिलहाल केएमपी के पचगांव से पलवल वाले हिस्से में सड़क मरम्मत का काम चल रहा है और करीब 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अब जल्द ही मानेसर से कुंडली तक के हिस्से में भी मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। -
परवीन बेनीवाल, मैनेजर, एचएसआईआईडीसी