संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) की ओर से कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर चल रहा सड़क मरम्मत का काम धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। पचगांव से सोहना तक सड़क की मरम्मत का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन तारकोल की कमी और कीमत ज्यादा बढ़ने के कारण इससे मरम्मत कार्य पूरा होने में और समय लग सकता है।
एचएसआईआईडीसी करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से पचगांव से पलवल तक लगभग 53 किलोमीटर लंबे हिस्से की सड़क की मरम्मत करा रहा है। इस पूरे मार्ग पर कई जगह सड़क खराब हो गई थी, जिससे वाहन चालकों को सफर के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खासकर गड्ढों और उखड़ी सड़क के कारण हादसों का खतरा भी बना रहता था।
एचएसआईआईडीसी का कहना है कि सड़क मरम्मत का काम चरणबद्ध तरीके से जारी है, ताकि बचा हुआ हिस्सा भी जल्द पूरा किया जा सके। सड़क की मरम्मत पूरी होने के बाद वाहन चालकों को बेहतर और सुरक्षित सफर मिलेगा।
-
केएमपी एक्सप्रेसवे पर पचगांव से पलवल तक सड़क मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। अब तक करीब 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और पचगांव से सोहना तक अधिकांश हिस्से की मरम्मत लगभग पूरी हो गई है। इसके अलावा तारकोल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर भी परियोजना पर पड़ा है। अक्तूबर तक पूरा कर लिया जाएगा। -अरुण गर्ग, एजीएम, एचएसआईआईडीसी