युवा जागृति मंडल के तत्वावधान में किया गया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। पटौदी एवं फर्रुखनगर की किन्नर समाज की महामंडलेश्वर महंत बुलबुल के निर्देश पर शिष्या खुशी किन्नर ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला जाटौली-2 में अपने कोष से स्कूली बच्चों के लिए वाटर कूलर लगवाकर पुण्य का कार्य किया। इस मौके पर स्कूल में युवा जागृति मंडल के तत्वावधान में महंत खुशी, महंत स्नेहा बॉबी व सनम महंत को स्कूल प्रभारी प्रतिभा यादव ने सम्मानित किया।
महंत खुशी ने कहा कि जल के बिना जीवन असंभव है। जूना अखाड़ा की महामंडलेश्वर महंत बुलबुल ने पिछले वर्ष एक संकल्प लेकर भिवानी व हरिद्वार में अलग-अलग जगह पर ठंडे पानी के लिए 11 वाटर कूलर लगाकर अभियान की शुरुआत की थी। इस बार 15 वाटर कूलर लगाने का संकल्प लिया हुआ है। इसके तहत पटौदी फर्रुखनगर क्षेत्र में लगभग 7 वाटर कूल लगवाए गए हैं और 8 वां वाटर कूलर जाटौली में लगाया गया।
मार्केट कमेटी के सचिव व युवा जागृति मंडल के प्रधान मुकेश शर्मा ने कहा कि किन्नर समाज के लोगों ने इस प्रकार से स्कूल में वाटर कूलर देकर सराहनीय कार्य किया है। इस अवसर पर सचिव विपिन यादव, युवा जागृति मंडल प्रधान मुकेश शर्मा आदि मौजूद थे।