गुरुग्राम। खेड़कीदौला टोल प्लाजा को पंचगांव में शिफ्ट करने की मुख्यमंत्री मनोहर लाल की घोषणा शायद ही पूरी हो। क्योंकि उन्होंने पंचगांव की जिस 39 एकड़ जमीन पर टोल प्लाजा स्थानांतरित करने की घोषणा की थी। उस जमीन की हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रीयल एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्पोरेशन (एचएसआईआईडीसी) ने फाइल देखी तो पता चला कि इसको लेकर किसानों के साथ अदालत में विवाद चल रहा है। संकेत मिले हैं कि इन परिस्थितियों में दूसरी जमीन तलाशी जा रही है। इस कारण समय से टोल प्लाजा को शिफ्ट के आसार दिखाई नहीं दे रहे हैं।
पिछले महीने मुख्यमंत्री ने मानेसर में उद्यमियों के वार्षिक समारोह में इस टोल प्लाजा को पंचगांव में छह महीने के अंदर शिफ्ट कराने का वादा किया था। साथ में यह ही कहा था कि एचएसआईआईडीसी की 39 एकड़ जमीन 28 फरवरी तक जीएमडीए को ट्रांसफर हो जाएगी। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद अधिकारियों ने जमीन के कागज देखे तो पता चला कि इस पर किसानों ने मुकदमे दायर कर दिए हैं। इस बारे में किसानों से बात की गई लेकिन वह मुकदमे वापस लेने को तैयार नहीं हैं।
चर्चा है कि सीएम को पंचगांव की विवादित जमीन को विवाद रहित होने की जानकारी कैसे दी गई, जिसके आधार पर उन्होंने टोल प्लाजा शिफ्ट करने की घोषणा कर दी थी। अब यह मामला तूल न पकड़े, इस दृष्टि से अधिकारी इस कोशिश में हैं कि फिर से किसानों को समझाया जाए या आसपास की दूसरी जमीन तलाश की जाए। इससे कि सीएम की घोषणा के आधार पर पंचगांव या आसपास निर्धारित समय छह महीने के भीतर टोल प्लाजा शिफ्ट हो सके।
पंचगांव में एचएसआईआईडीसी की 39 एकड़ जमीन का कब्जा 28 फरवरी को जीएमडीए को मिलना था। लेकिन नहीं मिला है। जैसे ही जमीन की एनओसी के साथ कब्जा मिलेगा, वैसे ही निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।
- शशि भूषण, परियोजना निदेशक, एनएचएआई
एचएसआईआईडीसी से जमीन नहीं मिली है। किसानों से कुछ विवाद बताया जा रहा है। जैसे ही जमीन मिलेगी, वैसे ही एनएचएआई को टोल प्लाजा के निर्माण के लिए उपलब्ध करा दिया जाए।
- केसी शर्मा, कोआर्डिनेटर, जीएमडीए