नोएडा। घुंघरुओं की झंकार, भावपूर्ण मुद्राएं और राम भजन की धुन पर कथक के विविध रंग देखने को मिले। महर्षि आश्रम में चल रहे भारत उत्कर्ष महायज्ञ की दूसरी शाम शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुतियों के नाम रही। लखनऊ घराने की कथक कलाकार शिंजिनी कुलकर्णी ने अपनी टीम के साथ प्रस्तुति दी। उन्होंने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कथक गुरु पंडित बिरजू महाराज की पौत्री शिंजिनी ने पारंपरिक अंदाज में प्रस्तुति दी। इसमें भक्ति, भाव और ताल-लय का सुंदर संगम देखने को मिला।
प्रस्तुति के बाद पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत जय भगवती से हुई। देवी आराधना पर आधारित इस प्रस्तुति में कलाकारों ने भाव और मुद्राओं से भक्ति को साकार किया। इसके बाद सरगम, अर्धांग, तराना और राम भजन की प्रस्तुतियां हुईं। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में अलग-अलग रंग भरे। कहीं पैरों की थाप और घुंघरुओं की झंकार से ताल-लय का मेल दिखा। वहीं, भाव-भंगिमाओं से आध्यात्मिक भावों की अभिव्यक्ति हुई। शिंजिनी और उनकी टीम के तालमेल ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का प्रयास
महर्षि महेश योगी संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि भारत उत्कर्ष महायज्ञ का उद्देश्य धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, कला और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। संस्थान के उपाध्यक्ष राहुल भारद्वाज ने बताया कि महायज्ञ में शास्त्रीय कलाओं और लोक परंपराओं को विशेष स्थान दिया गया है। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को देश के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है।