संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। जननायक जनता पार्टी नूंह के जिलाध्यक्ष हाजी जान मोहम्मद का छोटा बेटा तोहिद खान (20) सड़क हादसे में बुरी तरह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज नूंह से गुरुग्राम रेफर कर दिया गया, जहां वो पारस अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती है।
उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। उसके दाएं पैर में दो फ्रैक्चर और सिर में काफी गंभीर चोट आई है। घायल तोहिद खान को डॉक्टरों ने टीम की निगरानी में रखा है। मिली जानकारी के अनुसार तोहिद खान अपने दोस्त को छोड़ने के लिए नगीना से पुन्हाना की तरफ जा रहा था कि अचानक गांव नसीरपुरी के पास करीब 9 बजे रात्रि उनकी बाइक को एक तेज बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वो घटना स्थल पर बेहोश हो गया। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि उसका हेलमेट भी चूर-चूर हो गया। राहगीरों ने निजी वाहन से उसे मेडिकल कॉलेज नूंह पहुंचाया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए गुरुग्राम रेफर कर दिया गया। उसके पीछे बैठे एक साथी को मामूली चोट लगी है।
जननायक जनता पार्टी जिलाध्यक्ष जान मोहम्मद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनका बेटा तोहिद खान आईसीयू में भर्ती है। उसके पैर की दो सर्जरी हुई है अब होश में आ गया है। सिर पर काफी चोट लगी है लेकिन फिलहाल वो खतरे से बाहर है और गुरुग्राम के पारस अस्पताल में भर्ती है।