घर में काम करने वाले सहायक पर लगाया आरोप
पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पालम विहार थाना क्षेत्र के सेलेब्रिटी होम्स में रहने वाले वायुसेना से सेवानिवृत्त अधिकारी के घर से लाखों के गहने चोरी हो गए। घर में काम करने वाले सहायक पर चोरी का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
वायुसेना से सेवानिवृत्त अधिकारी राजेश कुमार की पत्नी अर्चना सिन्हा ने थाने में दी शिकायत में कहा कि उनके घर में बिहार के सीतामढ़ी निवासी कुणाल काम करता है। आरोप है कि कई महीने से उसका व्यवहार ठीक नहीं चल रहा है। वह शराब पीकर घर में काम करता है। उसने कई बार घर से पैसे भी चोरी किए। उसे इसके लिए कहा गया, लेकिन हर बार उसने माफी मांग ली। अर्चना सिन्हा ने बताया कि वह अपने गहने घर में बने लाॅकर में रखती हैं। 18 मई को रांची से शादी से लौटकर उन्होंने अपने गहने अलमारी में रख दिए।
चार जुलाई को उन्हें नोएडा में एक समारोह में जाना था। इस दौरान उन्होंने अलमारी चेक की तो गहने गायब मिले। चोरी हुए गहनों में एक सोने का सेट, हीरे का सेट, हीरे की चूड़ियां व अन्य गहने शामिल हैं। उन्होंने गहनों की कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई है। उन्होंने कहा कि इन दिनों में उन दोनों के साथ ही सहायक कुणाल ही घर पर था। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर पालम विहार पुलिस ने नौकर को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।