वाहन चालकों को आवागमन में हुई सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने पटौदी-रेवाड़ी हाईवे (एनएच-352डब्ल्यू) पर जमालपुरा फ्लाईओवर वाहनों के लिए खोल दिया है। सफल भार वहन क्षमता परीक्षण के बाद इसे शुरू किया गया। इससे वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा होगी और जाम से राहत मिलेगी। जमालपुर चौक पार करने में लगने वाला 10-15 मिनट का समय अब 1-2 मिनट रह गया है। गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे का 85 फीसदी काम पूरा हो चुका है।
एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार, पटली फ्लाईओवर भी अगले 10 दिनों में यातायात के लिए खुलने की उम्मीद है। फिलहाल, गुरुग्राम से रेवाड़ी जाने वाले वाहन दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) का उपयोग करते हैं। यह हाईवे पूर्णतः चालू होने पर 60 फीसदी वाहन इस नए मार्ग पर स्थानांतरित होंगे। इससे एनएच-48 पर वाहनों की संख्या कम होगी और जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
परीक्षण के उपरांत जमालपुर फ्लाईओवर को खोल दिया गया है। फ्लाईओवर खुलने के बाद हाईवे पर वाहन चालकों के लिए आवागमन की सुविधा मिल रही है।
- प्रकाश तिवारी, डिप्टी मैनेजर, एनएचएआई