गुरुग्राम। रक्षाबंधन से एक दिन पहले शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई और जाम का झाम बना रहा। इनमें फंसने के कारण राहगीर और वाहन स्वामी अकुलाते देखे गए। आम दिनों में मिनटों में तय होने वाले रास्ते घंटों में तय हो सके। स्थिति यह रही कि खेड़कीदौला टोल से लेकर उद्योग विहार, राजीव चौक, सिग्नेचर टावर से लेकर सिरहौल बॉर्डर तक जाम की स्थिति दिन भर बनी रही। इसके चलते कई लोग कार्यालय देरी से पहुंचे तो कइयाें के आवश्यक काम बिगड़ गए।
जाम की समस्या से निपटने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। बृहस्पतिवार को रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए शहर के लगभग सभी बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ी तो नौकरी व उद्देश्यों से बाहर रह रहे लोग भी अपने-अपने घरों के लिए रवाना हुए। इसका सीधा असर शहर की यातायात व्यवस्था पर पड़ा। सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण नए व पुराने शहर के साथ ही सभी प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति देखने को मिली। खास तौर पर दिल्ली-जयपुर पर लगे जाम के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। खेड़कीदौला टोल से ही जाम की स्थिति बनने लगी थी।
रेंगते नजर आए वाहन
जाम के चलते सड़कों के दोनों तरफ वाहन रेंगते नजर आए। जाम का दायरा निरंतर बढ़ता गया। बीच-बीच में कुछ समय के लिए स्थिति सुधरती, लेकिन एक घंटे के अंदर ही फिर से वाहन रेंगने लगते। शाम के समय साइबर हब से निकलने वाले नौकरीपेशा वाहन चालकों को भी जाम के चलते काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली-जयपुर हाइवे ही नहीं बल्कि सदर बाजार, माता रोड, अतुल कटारिया चौक, झाड़सा रोड, न्यू रेलवे रोड, महावीर चौक समेत शहर की अंदरूनी सड़कों पर भी जाम की स्थिति देखने को मिली।