गुरुग्राम। जिला जेल के वार्डन राजेश द्वारा रिश्वत लेने के मामले में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अश्विनी कुमार की अदालत ने दोषी वार्डन को 7 साल की कैद व 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माने का भुगतान न करने पर दोषी को 6 माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
पिछले दिनों कोर्ट ने आरोपी राजेश को राज्य सतर्कता ब्यूरो की तरफ से पेश गवाहों व सबूतों के आधार पर दोषी करार देते हुए सजा पर फैसला सुरक्षित रख लिया था। आरोपी वार्डन ने एक कैदी को हिसार जेल में ट्रांसफर कराने के लिए परिजनों से 10 हजार रुपये की मांग की थी। जाटौली गांव निवासी गौरव ने 9 अक्तूबर 2018 को राज्य सतर्कता ब्यूरो को इस मामले की शिकायत दी थी।
जेल से ट्रांसफर की एवज में मांगी थी रिश्वत
गौरव ने शिकायत में बताया था कि जिला जेल में तैनात सिपाही राजेश कुमार धमकी देता है कि उसके बहनोई को इस जेल से हिसार जेल में ट्रांसफर करा देगा। इसकी एवज में उसने 10 हजार की मांग की है। वह रिश्वत नहीं देना चाहता, इसलिए वह शिकायत दे रहा है। राज्य सतर्कता ब्यूरो ने कार्रवाई करते हुए उपायुक्त के आदेश पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में जिला जेल में कर्मचारियों के लिए बनी बैरक के सामने से राजेश को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया था। सतर्कता ब्यूरो ने भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर अदालत में चालान पेश कर दिया था।