छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार के मामले में गठित पोक्सो कमेटी की सदस्य इन शिक्षिकाओं की लापरवाही पाई गई थी
गुरुग्राम। छात्राओं से अभद्र व्यवहार और अनुचित तरीके से छूने के आरोपों के मामले में शिक्षा निदेशालय की ओर से आए आदेश के बाद जैकबपुरा स्कूल की प्रिंसिपल समेत तीन पीजीटी शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। निलंबित प्रिंसिपल सुशील कुमार और तीन पीजीटी अंग्रेजी शिक्षिकाओं मीनाक्षी, भावना और नीलम शौकीन शामिल हैं। यह सभी मामले के जांच के लिए गठित पोक्सो कमेटी के सदस्य थे। हरियाणा बाल संरक्षण आयोग ने जांच के दौरान निदेशालय को पत्र भेजकर मामले में जुड़े अधिकारी और कर्मचारियों की लापरवाही पाये जाने पर निलंबित करने की सिफारिश की थी।
पीजीटी बायोलॉजी शिक्षक परवीन राठी पर छात्राओं से अभद्र व्यवहार और अनुचित तरीके से छूने के आरोप लगे थे। इस मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था और शिक्षा विभाग ने 23 मई 2026 को परवीन राठी को निलंबित कर दिया था। शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार सभी को हरियाणा सिविल सेवा दंड एवं अपील नियम, 2016 के तहत निलंबित किया गया है। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सिरसा रहेगा। बिना अनुमति कोई भी मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा।विभाग ने यह भी कहा है कि निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आगे की विभागीय कार्रवाई और चार्जशीट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।