विधायक ने की मूलभूत सुविधाओं और लंबित समस्याओं के समाधान की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के शून्यकाल में गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे सदन में उठाए। उन्होंने गुरुग्राम के विकास, मूलभूत सुविधाओं और लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
विधायक ने गुरुग्राम के मौजूदा जर्जर बस स्टैंड के स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया बस स्टैंड विकसित करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि नए बस स्टैंड में पर्याप्त पार्किंग, व्यावसायिक सुविधाओं सहित यात्रियों के लिए आधुनिक व्यवस्थाएं होनी चाहिए। उन्होंने इसे अपने चुनावी संकल्प का हिस्सा बताते हुए परिवहन मंत्री से जल्द कार्रवाई का आग्रह किया।
विधायक ने 12 कच्ची कॉलोनियों का मुद्दा भी विधानसभा में उठाया। उन्होंने कहा कि इन कॉलोनियों में बड़ी संख्या में लोग लंबे समय से रह रहे हैं, लेकिन बिजली कनेक्शन समेत कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने कॉलोनियों को नियमित करने तथा वहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
900 मीटर आयुध डिपो क्षेत्र के लोगों की समस्याएं
विधायक ने 900 मीटर आयुध डिपो क्षेत्र से जुड़े लोगों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा वह पहले भी विधानसभा में उठा चुके हैं। इस संबंध में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रहने वाले दो लाख से अधिक लोगों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रखा जा सकता। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जलभराव की समस्या पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया
विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में जलभराव वाले लगभग सभी प्रमुख स्थानों को चिन्हित कर समाधान की दिशा में काम किया गया है। हाल की बारिश के दौरान भी कई स्थानों पर करीब चार घंटे में पानी की निकासी सुनिश्चित की गई। उन्होंने कहा कि शेष चिन्हित स्थानों पर भी जलभराव के स्थायी समाधान के लिए लगातार काम किया जाएगा। विधायक मुकेश शर्मा ने गुरुग्राम के विकास के लिए निरंतर सहयोग प्रदान करने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और लोकसभा सांसद राव इंद्रजीत सिंह का आभार व्यक्त किया।