गुरुग्राम। इस्लामपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के भवन निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। अब जल्द ही स्कूल में भवन निर्माण शुरू किया जाएगा।
दरअसल, बीते दो साल से स्कूल में भवन निर्माण का कार्य रुका हुआ था। कभी ठेकेदारों की देरी तो कभी पंचायत भवन निर्माण में रोड़े अटकाती रही। 2020 मार्च में इस्लामपुर के ग्रामीणों ने स्कूल के नक्शे पर आपत्ति जताई। ग्रामीणों ने इस भवन को भूकंप की स्थिति में खतरनाक बताया। इसके चलते स्कूल के निर्माण कार्य को बीच में रोक दिया गया।
ग्रामीणों द्वारा जिला प्रशासन में भी शिकायत दी गई। ग्रामीणों के विरोध के बाद कमेटी गठित कर जांच की गई। कमेटी द्वारा सही नक्शा साबित करने के बाद भी ग्रामीणों का विरोध जारी रहा। इस्लामपुर स्कूल के प्राचार्य राजकुमार ने बताया कि 11 महीनों के विरोध के बाद ग्रामीणों ने नक्शे को सही मान लिया है। निर्माण कार्य आगे बढ़ाने के लिए पत्र जारी कर दिया है। जल्द ही विद्यार्थियों को सुविधा मिल सकेगी।
भूकंप से बचाव के लिए लगाई गई थी सरिया
शिक्षा विभाग के जेई संजीव ने बताया कि भूकंप के समय कॉर्नर हिले नहीं एवं भवन के बचाव के लिए सरिया का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों द्वारा इसे कॉर्नर समझ लिया गया, जिसके बाद विवाद बढ़ा। हालांकि, अब ग्रामीणों द्वारा इस नक्शे को सही बता दिया गया है। सप्ताह भर के भीतर स्कूल में निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। स्कूल के लिए 72 लाख का टेंडर जारी किया जा चुका है। यहां दो मंजिला इमारत तैयार की जा रही है। इसमें 10 कमरे और 4 लैब बनाई जाएंगी। समग्र शिक्षा अभियान की ओर से प्रदेश भर में एक ही नक्शे पर स्कूलों का निर्माण किया जा रहा है।
स्कूल के नक्शे पर ग्रामीणों द्वारा बार-बार विरोध किया गया था। प्रदेश स्तरीय टीम द्वारा मामले की जांच भी की गई। वहीं, अब मामला सुलझ गया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
- संगीता चौधरी, जिला परियोजना अधिकारी, गुरुग्राम।