झज्जर की घटना, एसडीओ को नहर में धक्का देने, जेई पर हमला, मोबाइल छीना
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम, झज्जर और बहादुरगढ़ को पेयजल उपलब्ध कराने वाली एनसीआर नहर से पानी चोरी रोकने गई सिंचाई विभाग गुरुग्राम की टीम पर झज्जर में हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पानी चोरी का विरोध करने पर कुछ लोगों ने एसडीओ, जेई और अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की, सरकारी कार्य में बाधा डाली और जान से मारने की कोशिश की। शिकायत पर मांडौठी पुलिस चौकी ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता रविंद्र कुमार ने बताया कि 23 जुलाई को एसडीओ यशपाल, जेई सौरभ, चालक और दो बेलदार नरेश व मोहन एनसीआर नहर पर नियमित गश्त और निरीक्षण के लिए निकले थे। जांच के दौरान टीम ने नहर से पानी चोरी करते हुए लोगों को पकड़ा और उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने टीम के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पुलिस में दी शिकायत के अनुसार एसडीओ यशपाल को नहर में धक्का दे दिया गया, जबकि घटना का वीडियो बना रहे जेई सौरभ पर कस्सी से हमला किया गया और मोबाइल फोन छीन लिया गया।
वहीं बेलदार मोहन का मोबाइल भी पानी में गिरा दिया, उसके कपड़े फाड़ दिए और कंधे पर कस्सी के बेंट से वार किया। शिकायत में कहा गया है कि टीम किसी तरह जान बचाकर मौके से निकली और मांडौठी पुलिस चौकी पहुंची। आरोप है कि हमलावरों ने कुछ दूरी तक सरकारी वाहन का पीछा भी किया। शिकायत में मांडौठी निवासी जसबीर उर्फ फोर्ड को नामजद किया गया है, जबकि चार-पांच अन्य लोगों के भी घटना में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, हत्या के प्रयास, मारपीट, छीनाझपटी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-
कर्मचारियों में भय और नाराजगी
घटना के बाद सिंचाई विभाग के कर्मचारियों में भय और रोष का माहौल है। रात के समय नहर की पेट्रोलिंग पुलिस के साथ की जाती है। 23 जुलाई को टीम नियमित निरीक्षण के तहत दिन में मौके पर गई थी और उस समय पुलिस साथ नहीं थी। कर्मचारियों का आरोप है कि जानलेवा हमले के बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनका कहना है कि आरोपियों के खुलेआम घूमने से कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना है और नहर की नियमित पेट्रोलिंग भी प्रभावित हो रही है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार एनसीआर नहर से गुरुग्राम समेत अन्य जगहों पर पेयजल की आपूर्ति होती है। यह पानी सोनीपत के ककरोई से एनसीआर नहर के माध्यम से लाया जाता है। यदि पानी चोरी पर प्रभावी रोक नहीं लगी तो भविष्य में गुरुग्राम में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा बढ़ सकता है।