सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखा कीड़ों वाला भोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल का एक वीडियो मंगलवार से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि अस्पताल में मरीजों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब है और उसमें कीड़े पाए गए हैं। इस दृश्य ने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया और अस्पताल प्रशासन पर सवाल उठने लगे।
हालांकि, जब इस मामले की जांच की गई तो सच्चाई कुछ अलग सामने आई। जांच में पता चला कि जिस भोजन में कीड़े दिखाई दे रहे थे, वह ताजा नहीं बल्कि एक दिन पुराना था। संबंधित मरीज ने वह खाना खाया ही नहीं था, जिसके कारण वह लंबे समय तक वहीं रखा रहा और सड़ने लगा। इसी वजह से उसमें कीड़े पड़ गए। बताया जा रहा है कि मरीज की देखभाल करने वाला कोई परिजन या सहायक मौजूद नहीं है। इसी कारण मरीज समय पर भोजन नहीं कर पा रहा है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मामले की निगरानी की जा रही है और आगे ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए कैंटीन संचालक को भी भोजन साफ-सफाई से बनाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे ऐसी कोई घटना न घट पाए।
-
जैसे ही मामला संज्ञान में आया, तुरंत जांच के आदेश दिए गए। जांच में स्पष्ट हुआ कि मरीज ने एक दिन पुराना भोजन नहीं खाया था, जिससे वह सड़ गया। फिर भी प्रशासन ने कैंटीन संचालक को साफ-सफाई और गुणवत्तापूर्ण भोजन बनाने के सख्त निर्देश दिए हैं। -
डाॅ. लोकवीर, सीएमओ, स्वास्थ्य विभाग