विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। राज्य स्तरीय विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने नाटकों माध्यम से विज्ञान और प्रौद्योगिकी से रूबरू कराया। गुरुग्राम स्थित राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) में मंगलवार को 21 जिलों की टीमों ने प्रतिभाग किया। परिषद के निदेशक महाबीर प्रसाद के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र के तत्वाधान में मानव जाति के लाभ के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी विषय पर प्रतियोगिता आयोजित कराई गई।
विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता शुभारंभ संयुक्त निदेशक सुनील बजाल, उप निदेशक कल्पना रंगा व उप निदेशक रितु चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। संयुक्त निदेशक सुनील बजाज ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए विज्ञान व प्रौद्योगिकी हमारे जीवन काफी लाभदायक है, अगर हम इनका सही उपयोग करें। एससीईआरटी में विज्ञान विंग की प्रभारी पूनम यादव ने बताया कि मानव जाति के लाभ के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी विषय पर राज्य स्तरीय विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता में छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता मंगलवार देर शाम तक आयोजित होगी। जिस वजह से बुधवार को प्रतियोगिता के विजेताओं के नाम जारी किए जाएंगे।
परिषद से डॉ. संजय कौशिक ने बताया कि विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता में प्रतिभागी विद्यार्थियों ने मोबाइल के प्रयोग के फायदों व नुकसान के बारे में, पढ़ाई में मोबाइल, टैबलेट व अन्य गैजेट्स कितने लाभ पहुंचाते हैं सहित अन्य विषयों पर अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में सभी टीमों का अच्छा प्रदर्शन रहा है।