केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया एक्सप्रेसवे का निरीक्षण
एक्सप्रेसवे के निर्माण की प्रगति पर आधारित प्रदर्शनी का किया अवलोकन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। देश के पहले एलिवेटेड एक्सप्रेसवे द्वारका एक्सप्रेसवे के खेड़की दौला स्थित क्लोवर लीफ पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का लैंडस्केप बनाया जाए, जिससे मुसाफिर यहां से जब एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करें तो उन्हें एक सुखद और अनोखा आभास हो। यह बात केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों से कही। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने बृहस्पतिवार को गुरुग्राम में खेड़की दौला टोल के पास एक्सप्रेसवे के ट्रंपेट इंटरचेंज से नई दिल्ली के द्वारका तक निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण किया।
नितिन गडकरी एनएचएआई द्वारा लगाई गई द्वारका एक्सप्रेसवे के निर्माण की प्रगति पर आधारित प्रदर्शनी में पहुंचे। यहां पर स्थानीय निवासियों ने हरियाणा की पारंपरिक पगड़ी बांधकर केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया।
इस परियोजना में सड़क परिवहन की चार श्रेणी जोकि टनल, अंडरपास, फ्लाईओवर तथा फ्लाईओवर के ऊपर फ्लाईओवर होंगे। हरियाणा वाले हिस्से में इस सड़क की लंबाई 18.9 किलोमीटर तथा दिल्ली वाले क्षेत्र में 10.1 किलोमीटर है। दिल्ली में पहले खंड के निर्माण पर 2507 करोड़ रुपये, दूसरे पर 2068 करोड़ रुपये, हरियाणा क्षेत्र में तीसरे पर 2228 करोड़ रुपये तथा चौथे खंड के निर्माण पर 1859 करोड़ रुपये खर्च होंगे। दिल्ली क्षेत्र में पहले खंड का 61 प्रतिशत, दूसरे का 82 प्रतिशत, हरियाणा की सीमा में तीसरे का 94 प्रतिशत तथा चौथे खंड का 99 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। हरियाणा क्षेत्र के दोनों सेक्शन में अगले महीने तक काम पूरा होगा।
हरियाणा में यह एक्सप्रेसवे पटौदी रोड (एसएच-26) में हरसरू के पास और फर्रुखनगर (एसएच-15 ए) में बसई के पास मिलेेगा। इसके अलावा यह दिल्ली-रेवाड़ी रेललाइन को गुरुग्राम के सेक्टर-88 (बी) के पास और भरथल में भी क्राॅस करेगा। एक्सप्रेसवे गुरुग्राम जिले में प्रस्तावित ग्लोबल सिटी के साथ-साथ सेक्टर - 88, 83, 84, 99, 113 को द्वारका सेक्टर-21 से जोड़ेगा।