गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने बृहस्पतिवार को एनएचएआई, जीएमडीए तथा नगर निगम अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को सफाई व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, बागवानी, अतिक्रमण हटाने तथा आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने राजीव चौक, झाड़सा चौक, सिग्नेचर टावर चौक, एमडीआई चौक, अतुल कटारिया चौक एवं शीतला माता रोड सहित आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर मौजूद समस्याओं का मौके पर निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजीव चौक के निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने एनएचएआई अधिकारियों को आवश्यक सिविल वर्क जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं जीएमडीए अधिकारियों को ग्रीन बेल्ट एवं बागवानी कार्यों को बेहतर ढंग से विकसित करने को कहा गया। नगर निगम अधिकारियों को सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाने तथा नियमित कचरा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ब्यूरो