गुरुग्राम। अज्ञात शव मिलने के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही से उसकी पहचान में देरी न हो और परिजनों तक समय रहते सूचना पहुंच सके, इसके लिए गुरुग्राम पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं। सभी थाना एसएचओ को अज्ञात शव से संबंधित निर्धारित एसओपी का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। यह निर्देश ऐसे समय दिए गए हैं जब गुरुग्राम में बादशाहपुर थाना क्षेत्र में मिले एक अज्ञात शव की पहचान नहीं हो पाने और बाद में अंतिम संस्कार किए जाने को लेकर सवाल उठे हैं। हरियाणा पुलिस के नियमों के अनुसार अज्ञात शव मिलने पर जांच अधिकारी को शव का पूरा हुलिया दर्ज करना, शरीर पर मौजूद विशेष पहचान चिह्न, निशान, विकृति आदि का उल्लेख करना और फिंगरप्रिंट लेने के साथ पहचान के लिए हर संभव प्रयास करना होता है। संभव होने पर शव की फोटो भी कराई जानी चाहिए। ब्यूरो