फिरोजपुर झिरका। सावन माह के पहले सोमवार 14 जुलाई को निकलने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में उप पुलिस अधीक्षक अजायब सिंह ने फिरोजपुर झिरका थाना परिसर में क्षेत्र के सरपंचों के साथ बैठक की। इस दौरान यात्रा को शांतिपूर्ण, भव्य और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए रणनीति पर चर्चा की गई।
अजायब सिंह ने सरपंचों से अपील की है कि वे अपने-अपने गांवों में सामुदायिक समन्वय बनाए रखें और प्रशासन को पूर्ण सहयोग दें। जिले में आने वाली यात्रा में दूर-दराज के साधु संतों के साथ-साथ अपने-अपने इलाके के जिम्मेदार नागरिक भाग लेंगे, जिनके यहां आने पर क्षेत्र के लोग उनका सम्मान करें, स्वागत करें व पुष्प वर्षा करें। बैठक के दौरान सरपंचों ने प्रशासन को आश्वासन दिया कि वे ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा का ऐतिहासिक और भव्य स्वागत करेंगे। बैठक में जिला पार्षद उमर मोहम्मद, साबिर सरपंच, फारूक पथराली, सावेद खेड़ा, सपात बीवा, फारूक घाटा, साकिर पूर्व सरपंच, हाजी इकबाल सहित काफी संख्या में इलाके के सरपंच मौजूद रहे। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार एवं अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप सिंह मलिक ने लघु सचिवालय के सभागार में जिले के विभिन्न व्यापारियों, दुकानदारों एवं गणमान्य लोगों के साथ भी बृज मंडल जल अभिषेक यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक की। संवाद