नई अनाज मंडी जाटौली में डीएम रेखा मलिक ने आढ़तियों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। हरियाणा स्टेट वेयरहाउस कॉर्पोरेशन की डीएम रेखा मलिक नई अनाजमंडी जाटौली पहुंचीं और आढ़तियों से मिलकर उनकी समस्याओं को जाना। इस मौके पर व्यापार मंडल के प्रधान अजय मंगला ने कहा कि अनाजमंडी में गेहूं की खरीद में तेजी लाई जाए और गेहूं का उठान जल्द कराया जाए।
उन्होंने सुझाव दिया कि गेहूं की बढ़ती आवक को देखते हुए एक और सरकारी खरीद एजेंसी नियुक्त की जाए, ताकि काम जल्दी हो सके। साथ ही उन्होंने कहा कि बरसात के कारण गेहूं की गुणवत्ता में कमी आई है, इसलिए नमी का मान 12 प्रतिशत के बजाय 14 प्रतिशत किया जाए और स्टॉक को लस्टर घोषित किया जाए। डीएम रेखा मलिक ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों की बरसात के कारण गेहूं में नमी बढ़ गई थी लेकिन जैसे ही नमी सूखेगी, खरीद और उठान जारी किया जाएगा। नई अनाजमंडी जाटौली में पिछले एक सप्ताह में गेहूं की भारी आवक होने के कारण 8 और 9 अप्रैल को जगह की कमी के कारण अनाजमंडी बंद रही और कोई गेट पास जारी नहीं हुआ। मार्केट कमेटी सचिव विपिन यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को 8 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद हुई और अब तक लगभग 7 हजार क्विंटल उठान किया जा चुका है। उन्होंने किसानों से अपील की कि गेहूं सुखाकर लाएं और नमी की मात्रा 12 प्रतिशत से अधिक न हो।