रोते- रोते अटक गईं थीं सांसें, तीन दिन बाद हुआ हालत में सुधार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पिछले दिनों हुए क्रिकेट वर्ल्ड कप का खुमार युवा ही नहीं बल्कि बच्चों व बुजुर्गों के सिर चढ़कर बोल रहा था। लगातार 10 मैचों में जीत के बाद जब टीम इंडिया फाइनल मैच में पहुंची तो हर भारतीय को उम्मीद थी कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले मैच में भारतीय टीम ही अपना परचम लहराएगी और विश्व विजेता बनेगी। इस हार ने हर किसी को निराश किया, मगर एक मासूम ऐसा भी था जिसने हार को इस कदर अपने दिल से लगाया कि उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
टीम इंडिया की हार से निराश यह मासूम इतना रोया कि उसकी सांस अटक गई। परिजनों ने आनन फानन उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। तीन दिन के इलाज के बाद अब मासूम की हालत स्थिर है और उसे अस्पताल से छुट्टी दिए जाने की तैयारी की जा रही है। सराय अलवर्दी का रहने वाला जैन खान विराट कोहली का फैन है। वह कक्षा तीन में पढ़ता है। जैन के पिता वसीम अहमद ने बताया की मैच देखने के समय वह पानी पीने के लिए भी नहीं उठता था।
पिछले 10 मैचों में भारतीय टीम की लगातार जीत के बाद वह इतना खुश था कि उसने वर्ल्ड कप फाइनल से पहले ही आतिशबाजी की तैयारी कर ली थी, लेकिन जैसे-जैसे मैच भारत की झोली से फिसलता गया वैसे-वैसे वह निराश होने लगा। अंत में वह बुरी तरह से रोने लगा। काफी समझाने के बाद भी वह नहीं माना और कई घंटों तक रोते-रोते अचानक उसकी सांस अटक गई। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, अब मासूम की हालत स्थिर है और जल्द ही उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।