बंधवाड़ी में हथियार की बरामदगी के दौरान हुई मुठभेड़ में गोली लगने से हुआ था घायल
घायल सिपाही नवीन भी हुए अस्पताल से डिस्चार्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बंघवाड़ी गांव के पास 11 मई सुबह मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए बदमाश जसपाल उर्फ बब्बल को बुधवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया। डिस्चार्ज होने के बाद पुुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है। वहीं, मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली लगने से घायल सिपाही को भी बुधवार सुबह अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
सेक्टर-40 थाना के अंतर्गत कन्हई गांव में 2 मई की रात करीब 11 बजे गायक राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर सौरभ यादव के घर फायरिंग मामले में पुलिस ने दो शूटर गिरफ्तार किए थे। शूटरों की पहचान तरन तारन (पंजाब) के नौने गांव निवासी गुरशेर सिंह उर्फ शेरा (23) व जसपाल उर्फ बब्बल (28) के रूप में हुई थी। चार दिन के रिमांड के दौरान पुलिस 11 मई की सुबह दोनों बदमाशों को हथियार की बरामदगी के लिए गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड स्थित बंधवाड़ी गांव के पास लेकर गई थी। हथियार बरामदगी के दौरान बदमाशों ने छिपाई हुई तीन ग्लॉक पिस्टलें उठाकर पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। आरोपियों ने पुलिस पर 8-10 राउंड फायर किए। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाई, जिसमें गोली लगने से आरोपी गुरशेर व जसपाल घायल हो गए। वहीं, गोली लगने से सिपाही नवीन कुमार भी घायल हो गए थे। इसमें शूटर गुरशेर सिंह उर्फ शेरा की मौत हो गई थी।
बदमाश जसपाल उर्फ बब्बल को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जांच की जा रही है। कोई अन्य व्यक्ति संलिप्त पाया जाता है तो उसके भी गिरफ्तार किया जाएगा।
- संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता