निगमायुक्त की अध्यक्षता में हुई गुरुग्राम जिला नगर निकायों की समीक्षा बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। निगमायुक्त एवं डीएमसी प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में निगम कार्यालय में समीक्षा बैठक की गई। बैठक में जिले के सभी नगर निकायों में चल रहे स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, ड्रेनेज और शहरी विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि गुरुग्राम में डोर-टू-डोर कलेक्शन और एमएसडब्ल्यू परिवहन का कार्य विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से संचालित है। वर्तमान में यह व्यवस्था गैप अरेंजमेंट के रूप में चल रही है, जबकि पांच वर्षीय दीर्घकालिक टेंडर प्रक्रिया स्वीकृत होकर निविदा चरण में है। सोहना में पांच वर्ष की अवधि के लिए एजेंसी चयन प्रक्रिया पूरी कर एलओआई जारी किया जा चुका है। पटौदी में स्टॉप-गैप व्यवस्था लागू है, जबकि फर्रुखनगर में पूर्व स्वीकृत एजेंसी के माध्यम से कार्य सुचारू रूप से जारी है।
बैठक में सड़कों की मशीनी सफाई और झाड़ू कार्य, कचरा प्रसंस्करण संयंत्रों की प्रगति, लीगेसी वेस्ट निस्तारण, लावारिस पशु एवं कुत्तों के प्रबंधन पर विशेष फोकस, मानसून से पहले नालों की सफाई, शहरी सड़कों की जीआईएस मैपिंग व मुख्यमंत्री व बजट घोषणाओं की स्थिति आदि पर चर्चा की गई।