रोज भेजनी है पीएनजी खपत की रिपोर्ट, ज्यादा खर्च करने पर लगेगी पेनल्टी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। पीएनजी कम मिलने से उद्योगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीएनजी को लेकर कोटा निर्धारित कर दिया गया है कि उद्योग पहले इस्तेमाल करने की तुलना में 50 फीसदी का प्रयोग करें। रोजाना प्रयोग की गई गैस के मीटर की फोटो भी भेजी जानी है। इससे ज्यादा होने पर कंपनी पेनल्टी लगाएगी। दूसरी ओर वाणिज्यिक संस्थानों के एलपीजी को 20 प्रतिशत देने के आदेश पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने गैस वितरक कंपनियों को जारी किया है।
व्यवहार में वाणिज्यिक एलपीजी सिलिंडर उद्योगों को नहीं मिल रहे हैं। पीएनजी पर भी कोटा तय कर दिया गया है। उद्योग विहार इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिमेष सक्सेना ने बताया कि उद्योग विहार में 1800 औद्योगिक इकाइयों में करीब 50 प्रतिशत पीएनजी गैस के प्रयोग से उद्योग चलाते हैं। औद्योगिक इकाइयों को निर्देश दिया गया है कि वे हर रोज पीएनजी की खपत का मीटर रीडिंग भेजें।
मानेसर इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन (मिवा) के संस्थापक संरक्षक मनमोहन गेंद ने बताया कि उद्योगों को केवल 20 प्रतिशत पीएनजी गैस मिल रही है। इसके कारण टेक्सटाइल, फेब्रिकेशन, इंजीनियरिंग संबंधित उद्योगों को काफी परेशानी हो रही है। मानेसर के आधे से ज्यादा उद्योग इस समय संकट से गुजर रहे हैं।