गुरुग्राम पुलिस की गिरफ्त में गाड़ी में बिठाकर छीनाझपटी की को अंजाम देने के आरोपी
- फोटो : Gurgaon
मकान का किराया देने के लिए बना झपटमार
गुरुग्राम। कैब में बैठाकर सवारी से झपटमारी करने करने के मामले में पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को सेक्टर-40 ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान महेंद्रगढ़ के गांव दनचौली निवासी राहुल, राजस्थान झुनझुनू के गांव मुहीबादू निवासी अजय कुमार व भिवानी के गांव सोहासड़ा निवासी विनोद के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि एक आरोपी को मकान का किराया देना था जिसके लिए उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों को बृहस्पतिवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) प्रीत पाल ने बताया कि राहुल और अजय रिश्तेदार हैं। राहुल ओला कैब चलाता है, वहीं अजय का दोस्त विनोद अपनी पत्नी के साथ किराए पर रहता है। उसके पास पिछले कुछ महीनों से मकान किराए के 9 हजार रुपये बकाया थे। इस पर अजय ने अपने रिश्तेदार राहुल से बात की और एक अन्य साथी गोविंद उर्फ बमबम के साथ 28 सितंबर की रात बैठकर शराब पी और किराए का इंतजाम करने के लिए कैब लेकर सड़क पर निकल पड़े। आरोपियों ने एक ही रात में दो वारदातों को अंजाम दिया। इसमें इफ्को चौक से युवक को बैठाकर मारपीट कर लूटपाट की, लेकिन उसके पास महज 100 रुपये ही निकले। इसके बाद सदर थाना क्षेत्र में एक अन्य वारदात को अंजाम दिया। यहां से एक युवक को गाड़ी में बैठाकर मारपीट कर लूटपाट की तो युवक के पास भी 1600 रुपये ही निकले। आरोपियों ने दोनों युवकों से सड़क किनारे फेंक दिया था। इस मामले में पुलिस ने मंगलवार रात गोविंद को गिरफ्तार कर लिया था। चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ में अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
राहुल का है आपराधिक रिकॉर्ड
सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि राहुल का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर 7 बाइक चोरी, 2 लूट के मामले नारनौल में दर्ज हैं। जिस वक्त उसने वारदातों को अंजाम दिया उस वक्त वह नाबालिग था। ऐसे में उस पर जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत कार्रवाई हुई थी।