गुरुग्राम। प्रदेश सरकार ने बिजली के बिलों में सिक्योरिटी की राशि लेने के आदेश जारी किए थे। जिसका उपभोक्ता तथा आरडब्लूए ने विरोध किया था। इस बारे में उपभोक्ताओं का तर्क था कि कोरोना महामारी के चलते सिक्योरिटी राशि न ली जाए। क्योंकि पहले से ही लोगों की आर्थिक हालत काफी प्रभावित हो गई है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश सरकार ने बढ़े हुए बिल न लेने की बात कही है और इन्हें आगामी एक वर्ष तक के लिए टाल दिया गया है।
जिले में सेक्टर-3, 5 और 6 आरडब्लूए के अध्यक्ष दिनेश वशिष्ठ ने बताया कि प्रदेश के बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला के गुरुग्राम प्रवास के दौरान आरडब्लूए के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर आग्रह किया था। जिसमें कहा था कि बढ़े हुए बिजली के बिल न लिए जाएं। बिजली मंत्री ने उनके आग्रह को स्वीकार करने का आश्वासन भी दिया था।
उन्होंने बताया कि बिजली मंत्री से उनकी फोन पर बात हुई है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि बिजली निगम के उच्च अधिकारियों से बात हो चुकी है कि बढ़े हुए बिजली बिल नहीं लिए जा रहे हैं। उन्होंने बिजली मंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान होगा। क्योंकि उपभोक्ता बढ़े हुए बिजली के बिल देने में खुद को असमर्थ महसूस कर रहे थे। कोरोना काल में सभी की आर्थिक स्थिति काफी प्रभावित हुई है।