जमीनी विवाद के चलते क्षेत्र के कुछ हिस्सों में विकास कार्य अटका हुआ था
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-57 में लंबे समय से अधूरे पड़े सीवर, जल आपूर्ति और सड़क निर्माण कार्य अब पूरे किए जाएंगे। जमीनी विवाद के चलते क्षेत्र के कुछ हिस्सों में विकास कार्य अटका हुआ था लेकिन मामला सुलझने के बाद अब काम शुरू कराने का रास्ता साफ हो गया है। इस पर करीब 1.20 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के सेक्टर 57 में जमीन पर विवाद होने के कारण सीवर-पानी और संबंधी कार्य नहीं कराए जा सके थे। हालांकि अब यह विवाद दूर हो गया है। सेक्टर-57 में जीएच साइट संख्या 1 से 9 और 13 के सामने सड़क का निर्माण, जल आपूर्ति, सीवरेज और एसडब्ल्यूडी योजना की व्यवस्था विकसित करने की योजना बनाई गई है। इससे क्षेत्र के निवासियों को मूलभूत सुविधाओं में सुधार मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों के अनुसार, इन विकास कार्यों पर करीब 1.20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्राधिकरण ने कार्य को सिरे चढ़ाने के लिए टेंडर जारी कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से अधूरी सड़कों और सीवर की समस्या के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, ऐसे में अब कार्य शुरू होने से राहत मिलने की उम्मीद है। मास्टर लाइन डाले जाने से लोगों को राहत मिलेगी। कार्यकारी अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि सेक्टर में मिसिंग लिंक के कारण सीवर-पानी और सड़क संबंधी कार्य बचा हुआ था। इस कार्य को पूरा कराने के लिए सात माह का समय रखा गया है।