रोजाना एक साइकिल हो रही गायब, मरीज परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। अस्पताल के पार्किंग स्थल से लगातार दोपहिया वाहनों और साइकिलों की चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे मरीजों की परेशानी बढ़ रही है।
स्थिति यह है कि रोजाना एक से दो साइकिलों की चोरी होना अब आम बात बन चुकी है। सबसे गंभीर बात यह है कि अस्पताल प्रशासन की ओर से सुरक्षा के नाम पर कोई ठोस इंतजाम नहीं हैं। न तो पर्याप्त सुरक्षाकर्मी तैनात हैं और सीसीटीवी कैमरों का भी अभाव है। जो कुछ सुरक्षाकर्मी मौजूद भी हैं, उनमें से कई ड्यूटी के दौरान अपनी जिम्मेदारियों से नदारद पाए जाते हैं। इलाज के लिए आने वाले मरीज पहले ही परेशान रहते हैं, लेकिन अब वाहन चोरी की घटनाओं ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। सेक्टर-38 से इलाज कराने आए बल्लू बांसकर अपनी साइकिल अस्पताल की पार्किंग में खड़ी कर इलाज के लिए गए थे। मजदूरी करने वाले बल्लू ने बताया कि उन्होंने छह महीने पहले करीब पांच हजार रुपये में साइकिल खरीदी थी। शुक्रवार सुबह 11 बजे उन्होंने साइकिल ताला लगाकर पार्किंग में लगाई थी, लेकिन एक घंटे बाद लौटने पर साइकिल गायब मिली। सीसीटीवी न होने के कारण घटना का पता नहीं चल पाया।
डीसी को भेजेंगे पेड पार्किंग का प्रपोजल
अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की सुविधा और वाहनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पेड पार्किंग का प्रस्ताव उपायुक्त (डीसी) को भेजने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का मानना है कि इससे पार्किंग व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी और चोरी की घटनाओं में कमी आएगी। वर्तमान में अव्यवस्थित पार्किंग और सुरक्षा के अभाव के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रस्ताव मंजूर होने पर स्थिति में सुधार की उम्मीद है।
वर्जन
अस्पताल में वाहन चोरी रोकने के लिए पेड पार्किंग का प्रस्ताव डीसी को भेजा जाएगा। साथ ही जिन स्थानों पर कैमरों की कमी है, वहां अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके और घटनाओं पर अंकुश लगे। -
डाॅ. लोकवीर, सीएमओ, स्वास्थ्य विभाग