संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। उपमंडल नागरिक अस्पताल परिसर में नई मोर्चरी भवन का उद्घाटन विधायक बिमला चौधरी ने किया। इसके बाद अब किसी भी दुर्घटना या हादसे में मृतकों का पोस्टमार्टम पटौदी में ही हो सकेगा। पहले लोगों को पोस्टमार्टम के लिए गुरुग्राम जाना पड़ता था, जिससे काफी परेशानियां होती थीं।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि अस्पताल में लिफ्ट की भी जरूरत है ताकि मरीजों को ऊपर-नीचे जाने में दिक्कत न हो। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव से अस्पताल में लिफ्ट, अल्ट्रासाउंड सुविधा और डॉक्टरों की नियुक्ति जैसे एमडी मेडिसिन, सर्जन, आर्थोपेडिशियन और रेडियोग्राफर के लिए आग्रह करने का वादा किया।
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि मोर्चरी ब्लॉक में लगभग एक सप्ताह बाद पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। साथ ही उन्होंने विधायक से बैठने के लिए कक्ष, चारदीवारी, लिफ्ट और वाटर कूलर,आरओ की व्यवस्था करवाने की भी मांग की।