सड़कों पर नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर में सड़कों पर नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर कार्रवाई करते हुए यातायात पुलिस ने अप्रैल माह में 1,869 वाहनों को क्रेन से टो करके हटाया। इसके उपरांत पुलिस ने इन वाहनों के चालान भी काटे। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रतीक गहलोत के निर्देशानुसार की गई है। पुलिस द्वारा सड़क किनारे खड़े व नो पार्किंग जाेन में खड़े होने वाले वाहनों को हटाया जा रहा है।
यातायात पुलिस द्वारा एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाते हुए सड़कों, मुख्य चौक-चौराहों व सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान 1,869 वाहनों को क्रेन की सहायता से टो करके उठाया और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमानुसार चालान काटे। सड़क पर खड़े होने वाले वाहनों के कारण यातायात प्रभावित होता है। सड़क पर खड़े करके यातायात प्रभावित करने वाले चालकाें के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की जा रही है।
यातायात पुलिस प्रवक्ता विकास वर्मा ने बताया कि गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की सहायता से उपलब्ध कराई गई क्रेन के माध्यम से अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाया जा रहा है, ताकि सड़कों पर यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।