ट्रक चालक ने दी जान से मारने की धमकी, एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बिलासपुर थाना क्षेत्र में 26 जनवरी को हुई रोड रेज में ट्रक चालक ने रॉड से गाड़ी में तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद चालक ट्रक को लेकर मौके से भाग गया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ धारा 281, 125, 324(4), 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के सेक्टर-5 स्थित शिक्षा निकेतन सोसाइटी निवासी वरुण गर्ग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गाड़ी में परिवार के साथ राजस्थान में सालासर बालाजी के दर्शन करके वापस गाजियाबाद लौट रहे थे। जब उनकी गाड़ी बिलासपुर क्षेत्र में सिधरावली फ्लाईओवर के ऊपर पहुंची तो एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी के चालक सीट की तरफ के शीशे को तोड़ दिया। वरुण गर्ग ने ट्रक को रोकने का इशारा किया तो चालक ट्रक को भगाकर ले गया। वरुण गर्ग ने गाड़ी ने ट्रक का पीछा करके उसको रोका तो चालक ने ट्रक से लोहे की रॉड निकालकर उनकी गाड़ी के फ्रंट शीशे व बोनट पर वार किया, इससे शीशा टूट गया व बोनट भी क्षतिग्रस्त हो गया।
इसका विरोध करने पर ट्रक चालक ने वरुण गर्ग पर हमला कर दिया। वरुण की गाड़ी के चालक दीपक चौधरी ने आकर बचाया। इसके बाद ट्रक चालक ने वरुण गर्ग व चालक दीपक चौधरी को धक्के देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद ट्रक चालक मौके से अपने ट्रक लेकर भाग गया।
जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल अजय कुमार ने बताया कि कार चालक की शिकायत के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ट्रक के नंबर के आधार पर उसके मालिक से संपर्क हुआ है। जल्द ही मालिक द्वारा चालक को थाने में पेश किया जाएगा। ट्रक चालक के बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।