सोहना। बुधवार को हरियाणा रोडवेज की बसें नहीं चलने से बहनों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। सोहना बस स्टैंड पर बसें एक लाइन में खड़ीं दिखीं। गुरुगमन की ब्लू लाइन बसें अपने निर्धारित समय के अनुसार चलती रहीं। वहीं निजी बसों में काफी भीड़ रही। बस अड्डा इंचार्ज गोबिंद ने बताया कि अंबाला में निजी बस संचालकों द्वारा हरियाणा रोडवेज के एक चालक की डंडा मारकर हत्या करने के आक्रोश में प्रदेश में हरियाणा रोडवेज का चक्का जाम किया गया है, जिसके चलते सोहना बस स्टैंड पर भी चालकों ने बसें खड़ी कर अपना विरोध जताया। बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों का कहना था कि एक तरफ तो सरकार त्योहार के मौके पर अतिरिक्त बस चलाने की बात करती है, दूसरी तरफ हड़ताल के चलते यात्रियों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई, यह सरकार की लापरवाही को दिखाता है। संवाद