मुख्यमंत्री ने सेक्टर 69 में एक निजी संस्थान में आयोजित कार्यक्रम का किया शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पर्यटन का अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान होता है। इस क्षेत्र में उद्यमिता (एंटरप्रेन्योरशिप) का भी बड़ा क्षेत्र है। उन्होंने उक्त बात रविवार को सेक्टर 69 में ओयो एक्सेलेरेटर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कही। ओयो द्वारा नव उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के लिए आरंभ ओयो एक्सेलेरेटर कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम नव उद्यमियों को आगे बढ़ाने में कारगर साबित होगा।
मनोहर लाल ने कहा होटल कारोबार में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं, किसी भी छोटे कार्य को बड़ा होने में देर नहीं लगती,युवा पीढ़ी जोश और उत्साह के साथ आगे बढे़। रोजगार के अवसर लगातार युवाओं को मिलते रहे। इसके लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। साथ ही सरकार अपना कारोबार शुरू करने वालों को पूरा स्पोर्ट करेगी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा, डीसी निशांत यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुग्राम निवासी बबीता यादव को तीस लाख रुपये, सोनीपत निवासी दीपक सिंह राणा को पंद्रह लाख रुपये और गुरुग्राम निवासी विजय यादव को दस लाख रुपये की वित्तीय सहायता राशि के चेक वितरित किये। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल का स्वागत करते हुए संस्थान के सीईओ रितेश अग्रवाल ने संस्थान की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। स्टार्टअप के लिए हरियाणा में अच्छा समय है। ओयो संस्थान करोड़ों रुपये का बिजनेस कर रहा है।