नगर निगम ने प्राप्त जन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए की कार्रवाई
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम ने भीम नगर कॉलोनी क्षेत्र में अवैध पीजी गतिविधियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी डेमोलिशन/सीलिंग ड्राइव चलाई। निगम ने जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की। निगम को समाधान शिविर और सीएम विंडो पोर्टल के माध्यम से कुल 6 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित पीजी को सील किया गया। वहीं, मीडिया द्वारा उजागर किए गए एक अवैध निर्माण को भी ध्वस्त किया गया।
नगर निगम ने इसके साथ ही, एक अन्य शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अवैध दीवार को भी गिरा दिया गया। यह कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट आरके मोंगिया के नेतृत्व में की गई। इस अभियान में निगम के कनिष्ठ अभियंता अंकित कपूर और वरुण ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की सहायता भी ली गई जिससे पूरे अभियान के दौरान सार्वजनिक सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित हो सके और सभी संबंधित कानूनी प्रावधानों के अनुरूप कदम उठाए जा सकें। नगर निगम गुरुग्राम ने स्पष्ट किया है कि अवैध पीजी और अवैध निर्माणों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित आवासीय वातावरण मिल सके।