संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। जीएलएस सोसाइटी के बाहर बनी अवैध पार्किंग का विवाद मुख्यमंत्री दरबार में पहुंच गया है। अब इस विवाद की सुनवाई मुख्यमंत्री जनसंवाद बैठक में होगी। वहीं, सुनवाई से पूर्व सोहना नगरपरिषद ने गाज गिरने के डर से पार्किंग संचालक को लिखित नोटिस जारी कर दो दिन में समस्त दस्तावेजों सहित जवाब दाखिल करने के फरमान दे दिए हैं।
विदित है कि गत दिनों नगरपरिषद के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर-3 में स्थित जीएलएस सोसाइटी में गत दिनों पार्किंग मुद्दे को लेकर सोसाइटी वासियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था और मामले की शिकायत सोहना एसडीएम को भी लिखित रूप में की थी। आरोप था कि सोसाइटी प्रबंधन ने सोसाइटी में गाड़ियों को पार्क करने से स्पष्ट इनकार कर दिया था। इसके चलते सोसाइटी के बाहर समीप के गांव के व्यक्ति ने अवैध पार्किंग बनाकर मोटा शुल्क वसूलना शुरू कर दिया था। इसकी शिकायत सोसाइटी वासी स्वाति ने मुख्यमंत्री को लिखित रूप में कर दी थी। अब इसकी सुनवाई गुरूग्राम में 21 अगस्त को मुख्यमंत्री जनसंवाद बैठक में होगी।